Last Updated on July 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
जमुआ में 4-6 जुलाई, तीन दिनों तक लगेगा अगला कैंप

गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड सरकार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस (नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति/लर्निंग लाइसेंस) जारी करने हेतु विशेष अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकाधिक वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस से आच्छादित करना है।

इसी क्रम में गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय, बेंगाबाद में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के प्रथम चरण, अर्थात नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ करते हुए आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। शिविर में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 173 इच्छुक आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत 139 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा अन्य निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के अनुरूप इस विशेष अभियान के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण की प्रक्रिया को आमजन के लिए सरल, सुगम एवं सुलभ बनाया जा रहा है। अब लोगों को छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि प्रखंड स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे समय एवं धन दोनों की बचत हो रही है और आम नागरिकों को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा जिम्मेदार एवं सुरक्षित वाहन संचालन की संस्कृति विकसित करने के लिए प्रत्येक वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी शिविर में उपस्थित होकर लर्निंग लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण की सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं। साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सदैव वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इस विशेष अभियान को जिलेभर में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता से पहुंच सके।




