डीसी-एसपी ने शहीद सीताराम उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

0

Last Updated on May 18, 2026 by Gopi Krishna Verma

CAPF Warriors Group, गिरिडीह द्वारा किया गया श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

गिरिडीह। गिरिडीह में आज वीर शहीद सीताराम उपाध्याय की स्मृति में CAPF Warriors Group, गिरिडीह द्वारा शहीद सीताराम उपाध्याय पार्क में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप महापौर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शहीद सीताराम उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि वे अपने साहस और बलिदान के माध्यम से सदैव समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनकर जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद सीताराम उपाध्याय का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का संदेश देता रहेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उपायुक्त ने शहीद सीताराम उपाध्याय के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव शहीद परिवारों के सम्मान एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने शहीद के त्याग और बलिदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित और मजबूत बना हुआ है। उन्होंने CAPF Warriors Group द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को और मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी शहीद सीताराम उपाध्याय के जीवन संघर्ष, कर्तव्यपरायणता और वीरता का उल्लेख करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *