ओवरलोड वाहनों पर कारवाई से हड़कंप, डीटीओ ने जमुआ में चलाया अभियान
Last Updated on April 11, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया, जिसमें कई वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जमुआ थाना क्षेत्र में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों को जब्त किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित वाहन आवश्यक कागजात के बिना संचालित हो रहे थे तथा यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इसी प्रकार हीरोडीह थाना क्षेत्र में भी वाहन जांच के दौरान एक ओवरलोडेड वाहन को पकड़ा गया। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लेकर चल रहा था, जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता था। जिला परिवहन पदाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओवरलोडेड वाहन को जब्त कर लिया और संबंधित वाहन चालक एवं मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं खोरीमहुआ क्षेत्र में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन वाहनों का चालान काटा गया। जांच के दौरान हेलमेट नहीं पहनने, आवश्यक दस्तावेजों की कमी एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 78 हजार रुपये का चालान किया गया। संबंधित वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इसे और तेज किया जाएगा। सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ओवरलोडिंग से बचें तथा वैध कागजात के साथ ही वाहन चलाएं। उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग, बिना कागजात वाहन संचालन, बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। जिला प्रशासन द्वारा आगे भी इसी तरह सघन वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जाता रहेगा, ताकि जिले में सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था कायम रखी जा सके।
