आदर्श विद्यालय परियोजना की वार्षिक समीक्षा बैठक संपन्न, उत्कृष्ट आईसीटी इंस्ट्रक्टर सम्मानित

0

Last Updated on March 11, 2026 by Gopi Krishna Verma

स्मार्ट क्लास का सर्वाधिक उपयोग करने वाले शिक्षकों के कार्यों की सराहना की गई

गिरिडीह। आदर्श विद्यालय परियोजना के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालयों, प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालयों एवं अंग्रेजी माध्यम मॉडल विद्यालयों की वार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड द्वारा किया गया। यह बैठक प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार राय एवं गिरिडीह तथा देवघर जिले के डिजिटल एजुकेशन फैसिलिटेटर विशाल कुमार वर्मा व अमित कुमार सिन्हा तथा जिला समन्वयक संतोष प्रमाणिक के नेतृत्व में संपन्न हुई।

बैठक में गिरिडीह जिले के 29 आदर्श विद्यालयों में पिछले एक वर्ष के दौरान आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से संचालित कक्षाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान शिक्षण की गुणवत्ता, डिजिटल संसाधनों के उपयोग, छात्रों की सहभागिता तथा उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आईसीटी इंस्ट्रक्टरों को सम्मानित किया गया। इनमें +2 एस.एस. हाई स्कूल गंडेय के आईसीटी इंस्ट्रक्टर दिनेश कुमार वर्मा, हाई स्कूल नवडीहा के अजीत कुमार वर्मा, +2 गिरिडीह हाई स्कूल गिरिडीह के राकेश कुमार, +2 हाई स्कूल धनवार के राजू विश्वकर्मा तथा +2 एस.आर.एस.एस.आर. हाई स्कूल सरिया के दिनेश प्रसाद का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया। उनके सराहनीय कार्यों के लिए स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही गिरिडीह जिले के उत्कृष्ट विद्यालयों, प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालयों एवं अंग्रेजी माध्यम मॉडल विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से शिक्षकों द्वारा पिछले एक वर्ष में संचालित कक्षाओं के आधार पर समीक्षा की गई। इस समीक्षा में जिन शिक्षकों ने स्मार्ट क्लास का सर्वाधिक एवं प्रभावी उपयोग करते हुए छात्र-छात्राओं को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, उन्हें विशेष रूप से सराहना के योग्य पाया गया।

इस क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गिरिडीह के शिक्षक राकेश कुमार पाठक, शबनम यास्मीन, पूजा सिन्हा एवं नूतन शर्मा, उच्च विद्यालय पचांबा, गिरिडीह की शिक्षिका सोनाली कुमारी साहा एवं गौरव कुमार दास, मॉडल स्कूल गिरिडीह की शिक्षिका अनामिका शर्मा एवं रामचंद्र उपाध्याय, एस.आर.एस.एस.आर. उच्च विद्यालय सरिया के शिक्षक श्यामसुंदर साधुखान तथा मॉडल स्कूल गांडेय के शिक्षक एवं सह प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार द्वारा गिरिडीह जिले में सर्वाधिक स्मार्ट क्लास का उपयोग करने के लिए उनके कार्यों की सराहना की गई।

बैठक के दौरान देवघर जिले के डिजिटल एजुकेशन फैसिलिटेटर अमित कुमार सिन्हा ने आईसीटी इंस्ट्रक्टरों को निर्देश दिया कि वे विद्यालयों में छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों को भी डिजिटल संसाधनों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ऑफलाइन एवं ऑनलाइन ज-गुरुजी एप्लीकेशन सहित अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं प्रभावी शिक्षण सामग्री उपलब्ध करा सकें। इससे विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक भी डिजिटल शिक्षा से लाभान्वित हो सकेंगे।

बैठक के अंत में प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार राय ने सभी आईसीटी इंस्ट्रक्टरों को संबोधित करते हुए डिजिटल शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा छात्रों को तकनीकी रूप से सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी के माध्यम से विद्यालय की समय-सारिणी और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षा को अधिक रोचक, प्रभावी और सुलभ बनाया जा सकता है, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *