डेंगू ने ली एक और झारखंडी प्रवासी की जान, लोगो में भय का माहौल
Last Updated on September 11, 2025 by Gopi Krishna Verma
समस्त झारखंड समाज सेवा ट्रस्ट ने इस तरह के मौत को लेकर जताया गहरा दुःख, 10–15 दिनों में सूरत में दर्जनों मौतों से मचा हड़कंप, परिजनों में बढ़ी चिंता

गिरिडीह। जिले सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों के लोग जो गुजरात के सूरत शहर में रह रहे हैं इन दिनों डेंगू की चपेट में है और इसका सबसे अधिक असर झारखंडी प्रवासियों पर देखा जा रहा है।
बीते 10 से 15 दिनों में डेंगू से लगभग दर्जनों झारखंडी प्रवासियों की मौत की खबर आ रही है। लगातार हो रही मौतों से सूरत में रह रहे झारखंडी परिवारों के बीच दहशत का माहौल है, वहीं झारखंड में मौजूद परिजन भी गहरी चिंता में हैं।

ताजा मामला गिरिडीह जिले के गांवा प्रखंड अंतर्गत मालदा निवासी निवासी स्व जागो राम के 35 वर्षीय पुत्र बालो कुमार का है जिसका डेंगू से पीड़ित होने के बाद उनका इलाज सूरत के निर्मल हॉस्पिटल में चल रहा था, लेकिन बुधवार की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। बालो कुमार पिछले 15 साल से सूरत में रहकर कपड़े उद्योग में मजदूरी कर परिजनों का भरण पोषण कर रहे थे घटना के बाद इनके शव को गांव लाया जा रहा है। यह पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले दो हफ्तों में कई झारखंडी प्रवासी इसी बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं।
झारखंडियों में बढ़ा खौफ
सूरत में रहने वाले प्रवासी झारखंडी परिवारों का कहना है कि जिस रफ्तार से डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है, वह बेहद खतरनाक है। लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है जैसे यह बीमारी खासतौर पर झारखंडी को ही निशाना बना रही हो।
ट्रस्ट ने जताया गहरा शोक, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही समस्त झारखंड समाज सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। ट्रस्ट ने इस तरह की मौतों पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए सूरत नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाएं।साथ ही ट्रस्ट ने झारखंड सरकार से भी अपील की है कि सूरत में मृत प्रवासी झारखंडियों के परिजनों को आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। ट्रस्ट ने आश्वस्त किया है कि वह हमेशा प्रवासी झारखंडियों के साथ खड़ा रहेगा और हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेगा।
परिजनों की बढ़ी चिंता
सूरत में लगातार हो रही मौतों की खबर से झारखंड के गिरिडीह समेत कई जिलों के लोग भयभीत हैं। परिजन फोन पर लगातार अपने प्रियजनों का हाल-चाल ले रहे हैं।